बीकापुर में बाढ़ व जलभराव से मिलेगी मुक्ति, विधायक ने किया डी-वॉटरिंग पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण।

अयोध्या।
अयोध्या जिले के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रामनगर धौरहरा स्थित रौनाही तटबंध पर निर्माणाधीन डी-वॉटरिंग सह ट्रैश पंपिंग स्टेशन परियोजना का स्थानीय विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान (एमबीबीएस) ने विभागीय अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति, तकनीकी बारीकियों और प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता का गहनता से जायजा लिया तथा संबंधित अभियंताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
इस अत्याधुनिक पंपिंग स्टेशन के धरातल पर क्रियान्वित होने से क्षेत्र के किसानों को वर्षा और बाढ़ के दिनों में होने वाले भारी जलभराव की समस्या से स्थाई समाधान मिलेगा। तटबंध के समीप जल निकासी की सुगम व्यवस्था न होने से प्रतिवर्ष सैकड़ों किसानों की हजारों बीघा कृषि भूमि जलमग्न हो जाती थी, जिससे व्यापक स्तर पर फसलें नष्ट हो जाती थीं। इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूर्ण होने के बाद अतिरिक्त पानी को तेजी से बाहर निकाला जा सकेगा, जिससे उपजाऊ खेतों को डूबने से बचाया जा सकेगा।
विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने इस जनहितैषी परियोजना की सौगात देने के लिए बीकापुर क्षेत्र की जनता की ओर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं के त्वरित व स्थाई निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध है और यह डी-वॉटरिंग पंपिंग स्टेशन स्थानीय अन्नदाताओं के आर्थिक व कृषि विकास में एक मील का पत्थर साबित होगा।