WhatsApp Image 2026 08 20 at 5.13.16 PM - विकास भवन में सखी कैफे शुरू, ग्रामीण महिलाओं को मिला रोजगार का मंच।

विकास भवन में सखी कैफे शुरू, ग्रामीण महिलाओं को मिला रोजगार का मंच।

अयोध्या उत्तर प्रदेश

विकास भवन में सखी कैफे शुरू, ग्रामीण महिलाओं को मिला रोजगार का मंच।

WhatsApp Image 2026 08 20 at 5.13.16 PM - विकास भवन में सखी कैफे शुरू, ग्रामीण महिलाओं को मिला रोजगार का मंच।

अयोध्या।

अयोध्या जिले में विकास भवन परिसर में गुरुवार को ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ‘सखी कैफे’ का शुभारंभ किया गया। स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं अब अपने हुनर से तैयार खाद्य सामग्री बेचकर रोजगार और आय का स्थायी साधन विकसित करेंगी।

कैंटीन का उद्घाटन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अयोध्या आदित्य अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी ओम प्रकाश यादव और उपायुक्त स्वत: रोजगार सरिता गुप्ता ने मां लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के सहयोग से किया। समूह में 14 महिलाएं सक्रिय हैं। इन्हें सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) के तहत एक लाख 15 हजार रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है।

सखी कैफे में महिलाओं द्वारा चाय, नमकीन, समोसा और आलू टिक्की सहित अन्य नाश्ते के व्यंजन तैयार किए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार कैफे का उद्देश्य महिलाओं के हुनर को बाजार उपलब्ध कराने के साथ उन्हें नियमित रोजगार और आय का अवसर देना है। यहां स्वच्छता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

समूह की सदस्य कंचन सिंह ने कहा कि सखी कैफे महिलाओं को घर की चारदीवारी से बाहर निकलकर आर्थिक रूप से मजबूत बनने का अवसर देगा। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को अपने कौशल का प्रदर्शन करने और बाजार से जुड़ने का मंच मिल रहा है।

समूह की सदस्य सरिता शर्मा ने कहा कि यह पहल जिले के अन्य स्वयं सहायता समूहों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। आने वाले समय में जिले के विभिन्न स्थानों पर ऐसी कैंटीन शुरू होने से अधिक महिलाओं को रोजगार से जोड़ने का अवसर मिलेगा।

जिला मिशन प्रबंधक सरिता वर्मा ने बताया कि इस तरह की कैंटीनों से महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर स्वच्छ और किफायती नाश्ता भी उपलब्ध होगा। विकास भवन में शुरू किए गए सखी कैफे से कार्यालय कर्मचारियों, आगंतुकों और आम नागरिकों को भी सुविधा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *