पीड़ित परिवार को विधायक ने दी एक लाख की सहायता।

अयोध्या।
अयोध्या जिले के नाका हनुमानगढ़ी के बगल एक बर्तन व्यवसायी संत कुमार मोदनवाल के प्रतिष्ठान और आवास में हुए अग्निकांड के बाद विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने उनके घर पहुंचकर कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इसमें 50 हजार रुपये व्यक्तिगत रूप से और 50 हजार रुपये समाज के लोगों के सहयोग से जुटाकर दिए गए।
बीते गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि शॉर्ट सर्किट से लगी आग में संत कुमार को करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ था। हादसे से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवार को संबल देना हम सभी की जिम्मेदारी है। आग लगने से हुए नुकसान ने परिवार को आर्थिक रूप से प्रभावित किया है। ऐसे समय में समाज की सामूहिक संवेदना और सहयोग ही पीड़ितों को हौसला देता है। इसी भावना से व्यक्तिगत स्तर पर और समाज के लोगों से सहयोग लेकर त्वरित सहायता उपलब्ध कराई गई।
उन्होंने बताया कि अग्निकांड में हुए नुकसान को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता की गई है। सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता भी जल्द दिलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।