पूर्व सांसद लल्लू सिंह के बेटे की कार पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार, बाल-बाल बचे।

अयोध्या
अयोध्या के पूर्व सांसद लल्लू सिंह के बेटे विकास सिंह सोमवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। उनकी फॉर्च्यूनर कार की यूपीडा के गश्ती वाहन से टक्कर हो गई। जानकारी के अनुसार,हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 147.8 बिरसिंहपुर के पास हुआ। फॉर्च्यूनर कार संख्या यूपी 92 बीवाई 3611 अयोध्या से पटना की ओर जा रही थी।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सुरक्षा गार्ड एएसओ कमल कुमार ने बताया कि आगे चल रहे यूपीडा के गश्ती वाहन संख्या यूपी 32 एनएच 7999 के अचानक अनियंत्रित होकर मुड़ने से पीछे आ रही फॉर्च्यूनर उससे टकरा गई। हादसे में विकास सिंह के हाथ में हल्की चोट आई है। उनके साथ कार में सवार वैभव सिंह और कार चालक अमरजीत यादव को भी हल्की चोटें आई हैं।
सूचना पर पहुंची राहत टीम ने तीनों घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। मरहम- पट्टी के बाद सभी को भेज दिया गया। हादसे के बाद कुछ देर तक एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित रहा,जिसे बाद में सुचारू करा दिया गया।