पार्किंग विवाद को लेकर पुुलिस पर पूर्व विधायक के परिवार से अभद्रता का आरोप, हंगामा।

अयोध्या।
अयोध्या जिले के कोतवाली नगर के सिविल लाइन क्षेत्र में वाहन पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर गया। मिल्कीपुर पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा के भाई व उसके परिवार के साथ पुलिस के व्यवहार को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी सामने आई। मामले में कहासुनी के बाद हंगामा हुआ। घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है,आरोप है कि पुलिस के व्यवहार का विरोध कर रहे, तीन स्थानीय लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचा दिया गया। इसकी जानकारी होने पर पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा भी थाने पहुंचे और सिविल लाइन चौकी इंचार्ज पर अभद्रता के गंभीर आरोप लगाए।
पूर्व विधायक ने कहा कि छोटे भाई की कार की वजह से सड़क पर जाम लगने की सूचना मिली थी। जानकारी करने पर पता चला कि कार में छोटा भाई बहू व भतीजा मौजूद थे। वे सड़क के किनारे कार खड़ी कर ठंडा लेने गए थे। चौकी इंचार्ज के व्यवहार से पूरा परिवार आहत है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है, लेकिन इसके नाम पर किसी के साथ बदसलूकी नहीं होनी चाहिए। कुछ लोग अपने व्यवहार से सरकार की छवि धूमिल कर रहे हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब स्थानीय लोगों ने पुलिस के व्यवहार का विरोध किया तो उन्हें थाने क्यों ले जाया गया? हिरासत में लिए गए तीनों लोगों को वह व्यक्तिगत रूप से जानते तक नहीं हैं। ऐसे में पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक मनोज शर्मा ने बताया कि एक पूर्व विधायक के भाई की कार खड़ी थी। इस कार की वजह से जाम लगा हुआ था। कहीं जाते समय इसको देखने पर चौकी इंचार्ज से जाम खुलवाने के लिए कहा। चौकी इंचार्ज ने मौके पर पहुंचकर कार हटाने के लिए कहा। लेकिन कार वह नहीं हटा रहा था। आखिरकार उसका पांच सौ रुपए का पार्किंग चालान कर दिया। आधा घंटे बाद लौटते समय भी कार खड़ी दिखी। वहां 100 से 120 लोग खड़े थे। वहां पुलिस से दुव्यवहार करने की जानकारी दी गई। जिसके बाद तीन को हिरासत में लेकर उनका 151 में चालान किया गया। तीनो के मेडिकल में शराब पीना आया है।