मुकदमे में नामजद जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि को खंडासा पुलिस ने गिरफ्तार किया

अयोध्या।
खंडासा थाना क्षेत्र में दर्ज एक मुकदमे के सिलसिले में पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि प्रदीप यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर को की गई गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, चिरौली गांव निवासी प्रदीप यादव के खिलाफ 29 अक्टूबर को खंडासा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 251/26 दर्ज किया गया था। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 352, 351(3), 326(g), 324(3) तथा लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की धारा 3/4 के तहत आरोप दर्ज किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष कमलेश कुमार सरोज के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
मामले में लगाए गए आरोपों की सत्यता का निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया के तहत होना है। फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आगे की विधिक कार्रवाई पूरी कर दी है।