सपा नेता राजा मान सिंह समेत कई लोगों की जांच, एसआईटी का गठन।

अयोध्या।
अयोध्या जिले में सपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य राजा मान सिंह और उनके गिरोह के खिलाफ दर्ज मामलों की जांच के लिए एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।
एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में गठित एसआईटी में प्रभारी देवेश चतुर्वेदी, सहायक पुलिस अधीक्षक रणजीत यादव, प्रभारी क्राइम ब्रांच जनार्दन सिंह, प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम थाना मो. अरशद और प्रभारी स्वाट/सर्विलांस सेल अमरेश त्रिपाठी शामिल हैं।
थाना पूराकलंदर क्षेत्र के सरियावां निवासी राजा मान सिंह पर निवेश और जाली नोटों का झांसा देकर लोगों को ठगने का आरोप है। 6 अगस्त को उनकी पत्नी और अन्य गैंग सदस्यों के साथ गिरफ्तारी हुई। कन्नौज निवासी आशीष और कोतवाली अयोध्या क्षेत्र के नितीश से 30 लाख रुपये की ठगी का मामला दर्ज है।
यही टीम थाना पूराकलंदर क्षेत्र में जमीन के नाम पर निवेशकों से 10 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले दंपति सुशील चतुर्वेदी और ममता जायसवाल के मामलों की भी जांच करेगी। 16 अगस्त को गिरफ्तार इस दंपति पर आरोप है कि वे निवेशकों को जमीन खरीदने का झांसा देकर फर्जी दस्तावेज तैयार करते और विवादित भूमि का बैनामा कराते थे।
एसपी सिटी के अनुसार, पंजीकृत अभियोगों के अलावा अन्य आपराधिक गतिविधियों की भी जांच होगी। अपराध से अर्जित संपत्तियों की कुर्की की प्रक्रिया चल रही है। नए पीड़ितों के सामने आने पर अलग से मुकदमे दर्ज किए जाएंगे।