दुर्गा पूजा व विसर्जन को लेकर कोतवाली में अहम बैठक, हर प्रतिमा स्थल पर तैनात होगा पुलिसकर्मी।

अयोध्या।
अयोध्या श्रीरामनगरी में आगामी शारदीय नवरात्र के अवसर पर दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण व सकुशल संपन्न कराने के लिए अयोध्या कोतवाली में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पुलिस प्रशासन के साथ केंद्रीय दुर्गा पूजा रामलीला सामान्य समिति के पदाधिकारियों और विभिन्न पूजा समितियों ने हिस्सा लिया। क्राइम इंस्पेक्टर आशीष कुमार त्रिपाठी ने समितियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण का पुख्ता आश्वासन दिया।
सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रतिमा स्थापना से लेकर विसर्जन तक किसी भी समिति को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए प्रत्येक प्रतिमा स्थल पर कोतवाली की ओर से एक सिपाही की विशेष ड्यूटी लगाई जाएगी, जो किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस महकमे तक पहुंचाएगा ताकि समय रहते उसका समाधान हो सके। बैठक में विशेष रूप से कांशीराम कॉलोनी की समितियों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिन पर पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया है।
केंद्रीय समिति के संयोजक धनुषधारी शुक्ला और प्रवक्ता भानु प्रताप सिंह ने सभी समितियों से सर्वप्रथम अपने स्तर पर साफ-सफाई और प्रतिमा स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। इसके साथ ही प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं कि विसर्जन जुलूस के दौरान कोई भी व्यक्ति मादक पदार्थों का सेवन कर शामिल न हो। विद्यार्थियों, बुजुर्गों और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डीजे की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप और पूरी तरह सीमित रखने की सख्त हिदायत दी गई है।
(फोटो काल्पनिक है)