रौनाही में हिना बिस्कुट फैक्ट्री के गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का माल जलकर राख।
अयोध्या।
अयोध्या जिले के रौनाही थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-27 पर स्थित हिना बिस्कुट फैक्ट्री के गोदाम में शनिवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि गोदाम में रखे सैकड़ों बिस्कुट के गत्ते, पैकिंग का सामान और अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस अग्निकांड में लगभग एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय गोदाम में कोई मजदूर मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा और जनहानि टल गई।
आग लगने का प्रारंभिक कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। शाम के समय गोदाम से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठते देख फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया। आग और धुएं के गुबार के कारण हाईवे पर भी यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलने पर रौनाही थाने से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन ऐन वक्त पर दमकल मशीन में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण आग बुझाने में बाधा उत्पन्न हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सिविल लाइन अयोध्या से फायर ब्रिगेड की दूसरी गाड़ी बुलानी पड़ी।
दमकल टीम के आने तक स्थानीय लोगों और फैक्ट्री के मजदूरों ने साहस का परिचय देते हुए बाल्टी और पानी के पाइप की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। अंततः दमकल कर्मियों, ग्रामीणों और मजदूरों के अथक प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका।
फैक्ट्री के मूल संचालक और पूर्व सपा प्रत्याशी हाजी फिरोज खान उर्फ गब्बर के भाई फिरदौस खान ने बताया कि आर्थिक घाटे के कारण वर्तमान में यह फैक्ट्री चुन्नी खान को किराए पर संचालित करने के लिए दी गई है। मामले को लेकर उप निरीक्षक बालेंद्र सिंह ने बताया कि आगजनी की इस घटना में यदि कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त होती है, तो उसके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।