खेत विवाद ने लिया हिंसक रूप, कुल्हाड़ी लेकर दौड़ाने, पथराव और जान से मारने की धमकी।

तारुन_अयोध्या।
अयोध्या जिले के तारुन थाना क्षेत्र अंतर्गत खेमीपुर निधियावां गांव में खेत से जुड़े विवाद को लेकर मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पीड़ित शिवम कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, जिससे गांव में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
शिवम कुमार सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 31 दिसंबर 2025 को वह अपने खेत पर पहुंचे थे, तभी गांव के शमशेर सिंह (पुत्र) भारत वक्स सिंह कुल्हाड़ी लेकर उन पर हमला करने के लिए दौड़े और मां-बहन की गालियां देने लगे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को संभाला। पीड़ित का कहना है कि इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि दबंगों द्वारा उन्हें लगातार खेत पर जाने से रोका जा रहा है और चेतावनी दी जा रही है कि यदि दोबारा खेत पर आए तो जान से मार दिया जाएगा। उनका यह भी कहना है कि घटना के बाद घर लौटते समय उन पर ईंट-पत्थर से हमला किया गया, जिसमें पुष्पा देवी पत्नी तिलकधारी सिंह, शमशेर सिंह और तिलकधारी (पुत्र) भारत वक्स के नाम सामने आए हैं।तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी पक्ष द्वारा पेड़ों का अवैध कटान किया जा रहा है, जिसको लेकर पहले से विवाद चला आ रहा है।
घटना की सूचना पर डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंची थी और स्थिति का जायजा लिया गया।
थाना प्रभारी संदीप त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस ने पीड़ित की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन भी दिया है।