हिस्ट्रीशीटर ने खुद को गोली मारकर दी जान, मचा हड़कंप।

कूरेभार_सुल्तानपुर।
सुल्तानपुर जिले के थाना क्षेत्र कूरेभार के गलिबहा गांव में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक हिस्ट्रीशीटर युवक ने तमंचे से कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था।
सूचना पर पहुंची कूरेभार थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। अंदर बेड पर युवक दुर्गेश सिंह उर्फ मोनू (35) वर्ष का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के लिए बताया जा रहा है कि दुर्गेश सुल्तानपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर था और पिछले कुछ समय से दूसरे शहर में रहकर नौकरी कर रहा था। वह दो दिन पहले ही गांव लौटा था। मृतक अविवाहित था और अपने दो कमरों के मकान में अकेले रहता था, जबकि उसके माता-पिता अलग घर में रहते हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। फोरेंसिक टीम ने मौके से तमंचा और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है, हालांकि हर कोण से जांच की जा रही है।