सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत, दो गंभीर।

बीकापुर-अयोध्या ।
अयोध्या जिले के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई और दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क हादसा गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे कोतवाली क्षेत्र के मंगारी के पास प्रयागराज हाईवे पर हुआ। सड़क हादसे का शिकार हुए बाइक सवार तीनों युवक बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के गंडई के निवासी हैं जो बृहस्पतिवार दोपहर करीब 2:30 बजे अपने घर से सुल्तानपुर जनपद के पांचो पीरन धार्मिक स्थल पर मेला देखने जा रहे थे। प्रयागराज हाईवे पर जैसे ही मंगारी के पास पहुंचे अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दिया। हादसे में एक ही बाइक पर सवार गंडई गांव निवासी मोहम्मद शोएब 23 वर्ष, अजीम 25 वर्ष और अल्ताफ 18 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस द्वारा एंबुलेंस बुलवाकर सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर लाया गया। पड़ताल के बाद चिकित्सक ने मोहम्मद शोएब को मृत घोषित कर दिया और अन्य गंभीर घायल दोनों युवकों अजीम और अल्ताफ को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सड़क हादसे में हुई युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
प्रभारी निरीक्षक लालचंद सरोज ने बताया कि दुर्घटना करने वाली ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।