कैबिनेट मंत्री ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, धान खरीद से लेकर सिंचाई व्यवस्था तक दिए कड़े निर्देश।

अयोध्या।
अयोध्या कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही मंगलवार को अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों से विकास एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। बैठक में धान खरीद, एफआरके युक्त चावल की आपूर्ति, SIR/SAR फॉर्म की प्रगति, खाद–यूरिया की उपलब्धता और सिंचाई व्यवस्था जैसे कई अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में पूर्व सांसद लल्लू सिंह और सदर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता भी मौजूद रहे।
बैठक में मंत्री ने स्पष्ट कहा कि वर्तमान में धान खरीद की गति अपेक्षित स्तर पर नहीं है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी खरीद केंद्र किसानों को बिना किसी परेशानी के सेवा प्रदान करें और किसी भी शिकायत का तुरंत समाधान करें। साथ ही एफसीआई गोदामों तक एफआरके (Fortified Rice Kernel) मिश्रित चावल की नियमित और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
रबी सीजन में गेहूं की बुवाई बढ़ने के साथ ही यूरिया की मांग तेज हो गई है। इसे देखते हुए मंत्री शाही ने सहकारी समितियों और निजी विक्रेताओं को पर्याप्त मात्रा में खाद–यूरिया का स्टॉक बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद लेने के लिए बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए आपूर्ति श्रृंखला की सतत निगरानी अत्यंत आवश्यक है।
सिंचाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए मंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि सभी नहरों की सफाई निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि खेतों तक पानी न पहुंचने की कोई भी शिकायत गंभीरता से ली जाएगी और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
मंत्री शाही ने मतदाता पहचान प्रक्रिया और फॉर्म फीडिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता भी घर-घर जाकर लोगों को SIR फॉर्म भरवाने में मदद कर रहे हैं, ताकि पात्र मतदाताओं का नाम सूची से छूटने न पाए।
जिलाधिकारी निखिल टीकाराम पांडे ने बताया कि जिले में SAR फॉर्म भरने का लगभग 1% कार्य शेष है, जिसे जल्द पूरा कर डिजिटल रूप से संरक्षित किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले तीन दिनों में बोर्ड लेवल एजेंटों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी और उन्हें वोटर लिस्ट उपलब्ध कराई जाएगी ताकि कार्य प्रणाली बिना बाधा तेजी से आगे बढ़ सके।
कृषि, राजस्व, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग समेत कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी इस समीक्षा बैठक में शामिल हुए। बैठक के अंत में मंत्री शाही ने कहा कि सरकार किसानों और आम नागरिकों के मुद्दों के प्रति संवेदनशील है और सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे।