बैनामा शुदा भूमि पर पिलर उखाड़ने, जान से मारने की धमकी का आरोप।

बीकापुर_अयोध्या।
अयोध्या जिले में बीकापुर कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर छह आरोपियों के विरुद्ध बलवा और धमकी देने सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई बैनामा शुदा जमीन पर पिलर उखाड़ने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में की गई है।
बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के खजुरहट निवासी पल्लवी सिंह ने यह शिकायत दर्ज कराई है। उनकी शिकायत के आधार पर गुंथौर निवासी अनुभव सिंह और पांच अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट लिखी गई है। पल्लवी सिंह ने न्यायालय में दिए अपने शिकायत पत्र में बताया कि उन्होंने गुंथौर निवासी आशुबेन्द्र सिंह से गाटा संख्या 93 रकबा 1.747 हेक्टेयर भूमि का बैनामा 13 फरवरी 2025 को खरीदा था। बैनामा के बाद दाखिल खारिज भी हो चुकी है। उनके पति अमरेन्द्र प्रताप सिंह ने इस जमीन पर सीमेंट के पिलर लगाकर तार से घेरकर कब्जा कर लिया था।
आरोप है कि विपक्षी अनुभव सिंह ने अपने पांच अज्ञात साथियों के साथ 26 सितंबर 2025 को पल्लवी सिंह की भूमि पर आकर लगाए गए पिलरों को उखाड़ दिया और तोड़ डाला।
पीड़िता ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। बाद में दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाया गया, जहां अनुभव सिंह ने पिलर तोड़ने की बात स्वीकार की। हालांकि, इसके बाद अनुभव सिंह और उनके साथियों ने पल्लवी सिंह के पति को धमकी दी कि यदि वे दोबारा बैनामा वाली जमीन पर दिखे तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा।
इंस्पेक्टर अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी दबंग हैं और उन्हें जान-माल का खतरा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।