बीमा पॉलिसी के नाम पर युवक से ठगी, एसएसपी से शिकायत पर भी कार्रवाई नहीं हुई।

अयोध्या।
अयोध्या जिले में एक दिहाड़ी मजदूर रिलायंस लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर 2 लाख 50 हजार रुपए की धोखाधड़ी का शिकार हुआ है। पीड़ित का आरोप है कि एक बीमा एजेंट ने उसकी रकम ली, लेकिन कंपनी में जमा नहीं की। शिकायत के बावजूद छह माह से उसे न्याय नहीं मिला, यहां तक कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अयोध्या जिले के कुमारगंज थाना क्षेत्र के बरई पारा गांव निवासी पीड़ित दीपत ने बताया कि वर्ष 2013 में सत्येंद्र कुमार तिवारी नामक व्यक्ति, जिसने खुद को रिलायंस लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, जगदीशपुर, अमेठी का मैनेजर बताया, उसने उसकी जीवन बीमा पॉलिसी बनाई। पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपए नकद लिए गए और रसीद दी गई। इसके बाद एजेंट ने दो लाख रुपए और किस्तों के नाम पर लिए और पॉलिसी परिपक्व होने पर पांच लाख रुपए और हर महीने पांच हजार रुपए पेंशन देने का आश्वासन दिया।
जब पॉलिसी परिपक्व हुई और पीड़ित ने भुगतान के लिए संपर्क किया, तो एजेंट ने बार-बार टालमटोल किया। बेटी की शादी के समय पैसे मांगने पर एजेंट गायब हो गया। बीमा कार्यालय से पता चला कि एजेंट ने उसकी किस्त की रकम जमा ही नहीं की थी।
पीड़ित ने एजेंट के मोबाइल पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन धमकी मिली कि प्रशासन कुछ नहीं कर सकता। दीपत, जो ठेला चलाकर परिवार का गुजारा करता है, का कहना है कि उसके साथ ठगी और धोखाधड़ी हुई है। उसने स्थानीय थाने और एसएसपी अयोध्या को कई बार शिकायत पत्र दिया, लेकिन छह माह बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।