दहेज उत्पीड़न की हदें पार, गर्भवती महिला से मारपीट।

हैदरगंज_अयोध्या।
अयोध्या जिले के हैदरगंज थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां एक गर्भवती महिला के साथ कथित रूप से मारपीट की गई, जिसके चलते उसके गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़िता अनीता पत्नी राकेश का मायका हैदरगंज थाना क्षेत्र के कटौना गांव में है। उसकी शादी 08 साल पहले 18 फरवरी 2017 को सुलतानपुर जनपद के जयसिंहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत महमूदपुर सलाहपुर गांव में हुई थी। अनीता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उसे दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।
पीड़िता ने बताया कि विवाह के समय उसके पिता रामजगत ने अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार फ्रिज, कूलर, फर्नीचर, बर्तन, साइकिल, मोटरसाइकिल और नगद राशि सहित दहेज दिया था। इसके बावजूद ससुराल पहुंचते ही अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी गई और मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और जान से मारने की धमकियां दी जाती रहीं।
अनीता के अनुसार शादी के करीब दो वर्ष बाद जब वह पहली बार गर्भवती हुई, तब उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद सास फूला कुमारी, ससुर जीतू, पति राकेश और ननद वंदना देवी ने उसे ‘कोख खराब’ होने का ताना देते हुए, दहेज की मांग और उत्पीड़न बढ़ा दिया। वर्ष 2021 में ससुराल पक्ष ने 50 लाख रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल की मांग रखी, जिसे पूरा न करने पर उसे घर से निकाल दिया गया।
आरोप है कि वर्ष 2024 में अनीता दोबारा गर्भवती हुई। 27 मई 2024 को ससुराल पक्ष ने लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की और गंभीर हालत में उसे घर से बाहर फेंक दिया। इस मारपीट के चलते गर्भ में पल रहे, बच्चे को गंभीर चोटें आईं और बाद में मृत शिशु का जन्म हुआ। इसके बाद भी आरोपी पक्ष ने 8 लाख रुपये नकद और एक कार की मांग करते हुए उसे गांव के बाहर छोड़ दिया।
पीड़िता किसी तरह अपने मायके हैदरगंज पहुंची और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। इस संबंध में थाना प्रभारी विवेक राय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।