16 साल के छात्र को गोली मारी, आरोपी गांव का ही युवक नामजद।

अयोध्या।
अयोध्या जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां तिहरा माझा गांव के 16 वर्षीय किशोर की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आलोक वर्मा उर्फ सन्नी (पुत्र) राम नरेश वर्मा के रूप में हुई है, जो स्थानीय विद्यालय में कक्षा नौ का छात्र था। घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया और परिवार सदमे में है।
मिली जानकारी के अनुसार, शाम लगभग 4 बजे के आसपास आलोक गांव के कुछ किशोरों के साथ खेल रहा था। उसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज आई और आलोक लहूलुहान होकर गिर पड़ा। उसके पेट में गोली लगी थी। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। परिवारजन तुरंत उसे दशरथ मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर्स ने तत्काल लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ जाते समय रौनाही टोल प्लाजा के पास आलोक की स्थिति और बिगड़ गई। परिजनों ने उसे तुरंत सोहावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिशों के दौरान मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक आलोक अपने परिवार में सबसे बड़ा था। उसके पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। पीछे उसकी मां, एक छोटा भाई और एक बहन हैं।
आलोक की मां ने गांव के ही अनीश यादव पुत्र अंगद यादव पर जानबूझकर गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
अयोध्या कोतवाली प्रभारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गोली अवैध असलहे से चली। घटना के समय आलोक गांव के एक अन्य किशोर के साथ मौजूद था। पुलिस ने अनीश यादव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।