शराब दुकान के बाहर पेशाब करने के विवाद में खूनी झड़प।

अयोध्या।
अयोध्या जिले के बीकापुर ब्लॉक स्थित रामपुर भगन पुलिस चौकी के निकट एक अंग्रेजी शराब की दुकान के बाहर पेशाब करने को लेकर सेल्समैन और एक युवक के बीच हिंसक मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि धारदार हथियार और लाठी-डंडे चल पड़े, जिसमें शराब दुकान के सेल्समैन का गुप्तांग कट गया, जबकि दूसरे पक्ष के युवक का सिर फट गया।
तारुन कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की लिखित तहरीर के आधार पर परस्पर विरोधी (क्रॉस) मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई आरंभ कर दी है।
पीड़ित सेल्समैन द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, रामपुर भगन निवासी धर्मेंद्र चौरसिया शराब की दुकान के ठीक सामने खुले में पेशाब कर रहा था। जब सेल्समैन ने स्वच्छता और मर्यादा का हवाला देकर उसे वहां पेशाब करने से रोका, तो आरोपी आगबबूला हो गया और भद्दी गालियां देने लगा। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने किसी धारदार वस्तु से सेल्समैन पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसका गुप्तांग गंभीर रूप से कट गया। लहूलुहान अवस्था में सेल्समैन को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तारुन पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के उपरांत चिकित्सक डॉ. नन्हकू राम सरोज ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
वहीं दूसरी ओर, दूसरे पक्ष के धर्मेंद्र चौरसिया ने पुलिस को दी गई अपनी तहरीर में अलग आरोप लगाया है। उसका कहना है कि गुरुवार देर शाम करीब साढ़े नौ बजे वह सड़क किनारे पेशाब कर रहा था, तभी शराब दुकान के सेल्समैन ने पीछे से आकर अकारण लाठी-डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
तारुन कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) लालचंद सरोज ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों की ओर से प्राप्त तहरीरों के आधार पर सुसंगत विधिक धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। घायलों का डॉक्टरी परीक्षण कराया गया है और मामले में निष्पक्ष जांच कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फोटो काल्पनिक है