डिलीवरी के बाद महिला की मौत पर हंगामा,स्वास्थ्य विभाग ने निजी ‘पब्लिक हॉस्पिटल’ किया सील।

अयोध्या।
अयोध्या जिले के तारुन बाजार स्थित एक निजी चिकित्सालय ‘पब्लिक हॉस्पिटल’ में प्रसव के दौरान कथित चिकित्सकीय लापरवाही के चलते एक प्रसूता की मौत का गंभीर मामला सामने आया है। मृतका के पति ने अस्पताल संचालक व चिकित्सक पर गलत इलाज और लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए, तारुन थाने में कानूनी कार्रवाई व आर्थिक मुआवजे की मांग को लेकर तहरीर दी है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने थाने के बाहर प्रदर्शन भी किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार देर रात त्वरित कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया है।
ग्राम सराय सागर निवासी विश्वास यादव के अनुसार, 21 सितंबर को उनकी पत्नी अनुराधा को प्रसव पीड़ा व पेट दर्द की शिकायत पर तारुन स्थित पब्लिक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। वहां मौजूद डॉक्टरों की सलाह पर महिला का सिजेरियन ऑपरेशन किया गया। आरोप है कि ऑपरेशन के तुरंत बाद अनुराधा की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। हालत नाजुक होते देख 23 सितंबर को अस्पताल प्रशासन ने आनन-फानन में मरीज को दर्शननगर मेडिकल कॉलेज और फिर वहां से लखनऊ रेफर कर दिया।
तहरीर के मुताबिक, परिजन अनुराधा को लेकर लखनऊ के कई प्रमुख अस्पतालों के चक्कर काटते रहे और अंततः उन्हें चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया। पति का दावा है कि पत्नी को बचाने के प्रयास में लगभग ₹12 लाख खर्च हो गए, लेकिन अत्यधिक संक्रमण व जटिलताओं के चलते 27 सितंबर की रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान अनुराधा ने दम तोड़ दिया। पति ने तारुन के उक्त निजी अस्पताल के डॉक्टर की चिकित्सकीय डिग्री, योग्यता और अनुभव पर सवाल उठाते हुए इसे सीधे तौर पर लापरवाही से हुई मौत करार दिया है।
महिला की मृत्यु की खबर फैलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. देवेंद्र कुमार भिटौरिया ने मामले का संज्ञान लिया। सीएमओ के निर्देश पर नोडल अधिकारी डॉ. ननकू राम की टीम ने सोमवार रात करीब 8 बजे पब्लिक हॉस्पिटल पहुंचकर जांच-पड़ताल की और अस्पताल परिसर को सील कर दिया।
तारुन थाना पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल के पंजीकरण, ऑपरेशन से जुड़े मेडिकल रिकॉर्ड्स और डॉक्टर की योग्यताओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और स्वास्थ्य विभाग की तकनीकी जांच आने के बाद दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। मृतका अपने पीछे दो मासूम बच्चों को छोड़ गई है, जिससे पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
(फोटो काल्पनिक है)