मीरा मांझी ने सपा पर लगाया बदनाम करने का आरोप: बोलीं- ‘पीएम मोदी का मेरे घर आकर चाय पीना सौभाग्य।

अयोध्या।
अयोध्या श्रीरामनगरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के दौरान सुर्खियों में आईं उज्ज्वला योजना की लाभार्थी मीरा मांझी ने समाजवादी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सपा उनका वीडियो प्रसारित कर केवल उन्हें और उनके परिवार को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। एक विशेष बातचीत के दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वयं उनके साधारण घर आकर चाय पीना उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है और प्रधानमंत्री का वह आत्मीय स्नेह व अपनापन आज भी उनके परिवार की स्मृतियों में जीवंत है।
मीरा मांझी ने भावुक होते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की योजनाओं के माध्यम से उन्हें मिला पक्का आवास और उज्ज्वला गैस चूल्हा आज भी उनके परिवार के जीवनयापन में बड़ा सहारा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि जब भी परिवार पीएम मोदी के प्रेम और सरल व्यवहार को याद करता है, तो सभी की आंखें नम हो जाती हैं।
मीरा मांझी के अनुसार, प्रधानमंत्री ने उनके घर की दहलीज पर कदम रखकर न केवल व्यक्तिगत रूप से उन्हें अथवा मांझी समाज को, बल्कि देश के हर गरीब व वंचित वर्ग की महिला को सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान प्रधानमंत्री को निरंतर इसी तरह आगे बढ़ाते रहें।
मीरा मांझी ने कहा कि उनका परिवार बेहद सीधा और साधारण है, इसलिए उनके परिवार का किसी भी प्रकार से राजनीतिक इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि उनके दिल और पूरे परिवार में केवल नरेंद्र मोदी का ही सम्मान और नाम है। जिस घर में बैठकर प्रधानमंत्री ने चाय पी थी, उसे परिवार ने किसी धरोहर की तरह अत्यंत संभालकर रखा है और आने वाली पीढ़ियों तक उसे इसी प्रकार सुरक्षित व संजोकर रखा जाएगा।
गौरतलब है कि विगत 20 नवंबर को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडेय ‘पवन’ मीरा मांझी के आवास पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने मीरा को अपनी बहन बताते हुए आर्थिक व अन्य सहयोग प्रदान किया था। इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और सियासी बयानबाजी तेज होने के बाद मीरा मांझी ने गहरा दुख और नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनकी वास्तविक पीड़ा और संघर्ष को केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समझा था, जिन्होंने घर आकर चाय पी और उनके दुख-दर्द को करीब से जाना, इसलिए अन्य राजनीतिक लोग मदद के नाम पर उनका वीडियो बनाकर मजाक न उड़ाएं।
