अनियंत्रित टैंकर से कुचल कर 6 वर्ष के बच्चे की दर्दनाक मौत।

अयोध्या।
बाइक सवार चाचा-भतीजे को अनियंत्रित टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसे में भतीजे की मौत हो गई, जबकि चाचा घायल हैं। घटना मयाबाजार तिराहे की है। लोगों ने टैंकर ड्राइवर को दौड़ा कर पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। जरही निवासी सूरज यादव अपने छह वर्षीय भतीजे जलज की बाइक से मयाबाजार जा रहे थे। उन्हें मयाबाजार में कोचिंग संचालित करने वाले अपने भाई पंकज को टिफिन देना था।
बाजार में तिराहे पर अयोध्या से अंबेडकर नगर की ओर जा रहे अनियंत्रित टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक असंतुलित होकर गिर गई और उस पर सवार छह वर्षीय बालक टैंकर के नीचे आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बाइक चला रहे सूरज को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे के बाद बाजार में काफी भीड़ जमा हो गई। विरोध प्रदर्शन की आशंका में पुलिस ने घटनास्थल की ओर वाहनों का संचालन कुछ देर के लिए रोक दिया। सभी वाहनों को टंडौली से नेव कबीरपुर के रास्ते गंतव्य की ओर भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर, सीओ सदर संदीप सिंह ने घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। थानाध्यक्ष अनुपम मिश्र ने बताया कि दुर्घटना करने वाले चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।