30 आंगनबाड़ी केंद्रों का राज्यपाल ने किया उद्घाटन राज्यपाल।

अयोध्या उत्तर प्रदेश

30 आंगनबाड़ी केंद्रों का राज्यपाल ने किया उद्घाटन राज्यपाल।

images 2 - 30 आंगनबाड़ी केंद्रों का राज्यपाल ने किया उद्घाटन राज्यपाल।

अयोध्या।

अयोध्या जिले में उत्तर प्रदेश श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने बुधवार को अयोध्या धाम के महात्मा गांधी वार्ड में आयोजित कार्यक्रम में 15 वार्डों में निर्मित 30 आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में मौजूद बच्चों से आत्मीयता से मुलाकात की और उन्हें फल, मिष्ठान, चॉकलेट एवं टोपियां भेंट कीं।

कार्यक्रम में बच्चों ने राज्यपाल के समक्ष देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी और योगाभ्यास का प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों की राज्यपाल ने सराहना की। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र के रसोईघर का भी निरीक्षण किया और बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया।

अपने संबोधन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों और गर्भवती महिलाओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। अभिभावकों को अपने बच्चों को नियमित रूप से समय से आंगनबाड़ी केंद्र भेजना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों के बच्चों को शिक्षा और संस्कार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में ईश्वर ने कोई न कोई विशेष गुण दिया है। आवश्यकता इस बात की है कि बच्चों में छिपी प्रतिभा को समय रहते पहचाना जाए और उसे निखारने का अवसर दिया जाए। प्रारंभिक अवस्था में बच्चों को बेहतर वातावरण, पोषण और संस्कार मिलने से उनका समग्र विकास संभव है।

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प तभी पूरा होगा, जब प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर संस्कार मिलेंगे तथा गर्भवती महिलाओं को समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि राज्यपाल प्रदेश के विभिन्न जिलों का भ्रमण कर महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े विषयों पर निरंतर मार्गदर्शन प्रदान कर रही हैं। उनकी प्रेरणा से अयोध्या में आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण को गति मिली है।

उन्होंने बताया कि जिले में एचपीवी वैक्सीनेशन और टीबी उन्मूलन सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि अयोध्या धाम में कुल 70 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण प्रस्तावित है। इनमें से 30 केंद्रों का उद्घाटन बुधवार को राज्यपाल ने किया। इन केंद्रों के माध्यम से बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और संस्कार उपलब्ध कराने के साथ गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को आवश्यक सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण एवं विकास पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। बच्चों ने वंदे मातरम् और अन्य देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। राज्यपाल ने केंद्र की विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन भी किया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, अभिभावक और बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *