तारुन में छात्राओं पर फब्तियां कसने वाला युवक गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा हिरासत में।

अयोध्या।
अयोध्या जिले के तारुन थाना क्षेत्र में एक निजी विद्यालय के बाहर छात्राओं और महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने तथा अश्लील इशारे करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद इलाके में लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
पुलिस के मुताबिक बुधवार दोपहर उपनिरीक्षक अंशुल वर्मा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक युवक विद्यालय के मुख्य गेट के बाहर खड़ा होकर आने-जाने वाली छात्राओं और महिलाओं पर फब्तियां कस रहा है और अभद्र हरकतें कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपनी पहचान अरविंद तिवारी उर्फ अरुण निवासी ग्राम चरांवा, थाना तारुन के रूप में बताई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है और इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।