सूर्यकुंड-भरतकुंड मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर, 2 युवकों की दर्दनाक मौत।
अयोध्या।
अयोध्या जिले के पूराकलंदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सूर्यकुंड-भरतकुंड मार्ग पर इटौरा गांव के समीप रविवार रात दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में दो नौजवानों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान इटौरा निवासी आदित्य उर्फ बंटी (21) और मजरे उघड़पुर निवासी प्रिंस यादव उर्फ रिशू (22) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर विधिक पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस से मिली प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदित्य रविवार रात सूर्यकुंड से मेला देखकर अपनी बाइक से घर लौट रहा था। वहीं दूसरी ओर से प्रिंस हनुमतनगर बाजार से काम निपटाकर बाइक द्वारा अपने घर की ओर जा रहा था। रात लगभग 10 बजे इटौरा गांव के पास दोनों बाइकों में आमने-सामने इतनी भीषण टक्कर हुई कि दोनों युवक छिटककर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पूराकलंदर पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। क्षेत्राधिकारी (सीओ) अयोध्या आशुतोष तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में दो युवकों की दुखद मृत्यु हुई है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पुलिस दुर्घटना के तकनीकी कारणों की जांच कर रही है।
इस हृदयविदारक हादसे से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। परिजनों के अनुसार, मृतक आदित्य तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसके बड़े भाई की भी करीब तीन वर्ष पूर्व एक सड़क दुर्घटना में ही अकाल मृत्यु हो चुकी थी। अब दूसरे बेटे को भी सड़क हादसे में खो देने से मजदूर पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।