
सिविल लाइन में नशे की हालत में सड़क किनारे पड़ा मिला सिपाही, वीडियो वायरल होने पर एसएसपी ने किया निलंबित।
अयोध्या।
अयोध्या जिले के सिविल लाइन स्थित पत्रकार चौराहे के समीप बुधवार दोपहर एक पुलिस आरक्षी के अत्यधिक नशे की हालत में सड़क किनारे पड़े होने का मामला सामने आया है। वर्दी की मर्यादा को धूमिल करने वाली इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरक्षी कभी सड़क किनारे लड़खड़ाकर बैठता तो कभी जमीन पर लेटा हुआ दिखाई दे रहा है। मामले का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. गौरव ग्रोवर ने अनुशासनहीनता के आरोप में संबंधित आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
उप निरीक्षक चंद्रमोहन शुक्ला के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब दो बजे सूचना मिली थी कि पत्रकार चौराहे के पास एक पुलिसकर्मी नशे की हालत में अचेत सा पड़ा हुआ है। सूचना पर वे मुख्य आरक्षी उमाशंकर कनौजिया और आरक्षी राघवेंद्र कुमार सिंह के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। जांच में वहां रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी विकास सिंह नशे में धुत हालत में मिले। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम के फोटो और वीडियो बना लिए, जो देखते ही देखते इंटरनेट पर प्रसारित हो गए।
स्थिति को संभालते हुए पुलिस टीम ने पहले उन्हें ई-रिक्शा से वहां से हटाया और बाद में पुलिस लाइन से वाहन चालक मुख्य आरक्षी अनिरुद्ध यादव के साथ जिला अस्पताल ले जाकर उनका चिकित्सीय (मेडिकल) परीक्षण कराया। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने स्पष्ट किया कि पुलिस बल में अनुशासनहीनता और सार्वजनिक स्थान पर इस प्रकार का आचरण कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा; आरोपी आरक्षी को निलंबित करने के साथ ही उसके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
गौरतलब है कि जनपद में खाकीधारियों के नशे में धुत होकर वायरल होने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व अप्रैल 2020 में रायगंज क्षेत्र के जैन मंदिर तिराहे पर दो सिपाहियों द्वारा शराब के नशे में उत्पात मचाने और राहगीरों से मारपीट करने का वीडियो सामने आया था, इसके अलावा 5 जुलाई 2025 को नाका क्षेत्र में तैनात होमगार्ड विनोद कुमार का नशे की हालत में सड़क पर गिरते-पड़ते होने का वीडियो वायरल हुआ था, वहीं 31 जुलाई 2025 के आसपास पुष्पराज चौराहे पर एक उपनिरीक्षक (दरोगा) के शराब के नशे में झूमने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना था।
मीरा मांझी ने सपा पर लगाया बदनाम करने का आरोप: बोलीं- 'पीएम मोदी का मेरे… Read More
इलाज में देरी से भड़के नशेड़ी युवक ने सुरक्षा गार्ड पर तानी पिस्तौल। अयोध्या। अयोध्या… Read More
रामभक्तों पर गोली चलाने और संतों का अपमान करने वाले अयोध्या आएं तो माफी मांगकर… Read More
इंफोपार्क पुलिस ने डॉ. जॉनसन वर्गीस पर यौन शोषण का मामला दर्ज किया। शिकायतकर्ता के… Read More
खुड़ैल थाना क्षेत्र के नीलगिरी परिसर में गमी के भजन-कीर्तन के दौरान देवास के 22… Read More
गोपीगंज के जखांव गांव में 4 नवंबर की रात खुशबू की हत्या उसके भाइयों सूरज… Read More