श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी, रिश्तेदारों के 30 बैंक खाते फ्रीज।

अयोध्या।
अयोध्या श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने जांच तेज करते हुए आरोपियों से जुड़े रिश्तेदारों के करीब 30 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। पुलिस के अनुसार, इन खातों में आय की तुलना में अधिक वित्तीय लेन-देन के संकेत मिले हैं। अब इन खातों की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि धन के स्रोत और उसके उपयोग का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने बुधवार और गुरुवार को आरोपी लवकुश मिश्रा, करुणेश पांडेय और अनुकल्प मिश्रा के घरों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान नोटों के बंडल, सोने के जेवर (कान की बालियां, लॉकेट आदि) और एक चार पहिया वाहन मिलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि किस आरोपी के घर से कितनी नकदी और कौन-कौन सा सामान बरामद हुआ।
इससे पहले बुधवार सुबह पुलिस ने तीनों आरोपियों को 40 घंटे की रिमांड पर लिया था। पूछताछ के दौरान उनके पास से कथित तौर पर फर्जी चंदा रसीदें भी मिलने की बात सामने आई है। पुलिस इन्हीं तथ्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच आगे बढ़ा रही है।