रुदौली पुलिस ने पकड़े टोटी चोर, चोरी की 125 पीतल की टोटियां बरामद।

अयोध्या।
अयोध्या जिले की रुदौली कोतवाली पुलिस ने ग्राम भौली स्थित पानी की टंकी से चोरी हुई 125 पीतल की टोटियां बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, जल निगम के कांट्रेक्टर मुस्तफा पुत्र फैयाज खान ने रुदौली कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि ग्राम भौली में पानी की टंकी पर निर्माण कार्य चल रहा था, जहां बड़ी संख्या में पीतल की टोटियां और अन्य सामान रखा गया था। बीती 6 मई 2026 की रात अज्ञात चोर वहां से 125 पीतल की टोटियां चोरी कर ले गए। उसी रात आजाद नगर बाजार क्षेत्र में भी कई घरों से पीतल की टोटियां चोरी होने की घटनाएं सामने आई थीं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके के लोगों में डर और नाराजगी का माहौल बन गया था।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर रुदौली पुलिस ने 10 मई को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लगातार छानबीन की और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मड़हा पुल आजाद नगर के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रमोद कुमार 34 वर्ष (पुत्र) राम खिलावन और अभिमन्यु सिंह 26 (पुत्र) अर्जुन सिंह निवासी ग्राम पारा पहाड़पुर थाना बाबा बाजार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी की गई सभी 125 पीतल की टोटियां बरामद कर ली हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।