राम भक्तों के नाम चंपत राय की पाती, कहा- सामने आयेगा सच, दूंगा हर सवाल का जवाब।

अयोध्या।
अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय ने मंगलवार को श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर एक पत्र लिखा है, यह पत्र राम भक्तों के नाम हैं, जिसमें उन्होंने कहा कि विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा अंतिम रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद ही वह उनपर लगाए गए सभी आरोपों का जवाब देंगे।
पूर्व सचिव चंपत राय ने ‘राम भक्तों’ को संबोधित करते हुए पत्र में लिखा, “07 जून 2026 को मंदिर की दान पेटियों से दान की गिनती के दौरान कथित चोरी की घटना के बाद से इस मामले को लेकर चर्चा जारी थी और उनके खिलाफ व्यक्तिगत रूप से ‘निराधार आरोप’ लगाए गए।”
उन्होंने कहा कि एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट ट्रस्ट की आम बैठक से पहले पेश की गई थी। राय ने कहा कि जिस रिपोर्ट को शुरुआत में ‘अत्यंत गोपनीय’ रखा गया था, उसे अब सार्वजनिक कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि एसआईटी द्वारा अंतिम रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद वह उठाए गए सभी मुद्दों पर बिंदुवार जवाब देंगे और ‘पूरी सच्चाई’ जनता के सामने आ जाएगी।
चंपत राय ने अपनी पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन द्वारा प्रतिनियुक्त किए जाने के बाद वह अक्टूबर 1991 से अयोध्या में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्णकालिक प्रचारक के रूप में उनका 45 वर्षों का जीवन हमेशा ‘एक खुली किताब’ रहा है।