सोलर सिटी में अचानक लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियों ने पाया काबू।

अयोध्या।
अयोध्या जिले के रामपुर हलवारा स्थित सोलर सिटी परिसर में बृहस्पतिवार को अचानक भीषण आग लग जाने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय निवासी श्याम कुमार ने आग की लपटें उठती देख तत्काल घटना की जानकारी रितेश मिश्रा को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रितेश मिश्रा ने बिना देर किए अयोध्या कोतवाल पंकज सिंह, डायल 112 और पुलिस कंट्रोल रूम को घटना से अवगत कराया।
सूचना प्राप्त होते ही फायर सर्विस विभाग की चार दमकल गाड़ियां आनन-फानन में मौके पर पहुंच गईं। इसके साथ ही दर्शननगर चौकी, पूराकलंदर थाने की पुलिस टीम और डायल 112 की कई गाड़ियां भी घटनास्थल पर मुस्तैद हो गईं।
जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस और दमकल कर्मियों ने संयुक्त रूप से त्वरित राहत व बचाव अभियान चलाते हुए भारी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। प्रशासनिक व पुलिस टीम की त्वरित सक्रियता के चलते समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ी जनहानि होने से बच गई।