मिल्कीपुर और कुमारगंज में स्मार्ट मीटर हुए पोस्टपेड, हजारों ग्रामीण उपभोक्ताओं को बड़ी राहत।

अयोध्या।
अयोध्या जिले के मिल्कीपुर और कुमारगंज क्षेत्रों में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। बिजली विभाग ने प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को पोस्टपेड मोड में बदलने का फैसला लागू कर दिया है। इस बदलाव के बाद अब हजारों ग्रामीण उपभोक्ताओं को ‘लो बैलेंस’ खत्म होने पर अचानक बिजली कटने की समस्या से राहत मिलेगी।
पहले प्रीपेड स्मार्ट मीटर व्यवस्था में उपभोक्ताओं को मोबाइल रिचार्ज की तरह बिजली बैलेंस बनाए रखना पड़ता था। बैलेंस समाप्त होते ही बिजली आपूर्ति स्वतः बंद हो जाती थी, जिससे ग्रामीण इलाकों में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार नेटवर्क समस्या या समय पर रिचार्ज न हो पाने के कारण भी बिजली बाधित हो जाती थी।
नई पोस्टपेड व्यवस्था लागू होने के बाद अब उपभोक्ता पहले बिजली का उपयोग कर सकेंगे और बाद में निर्धारित समय पर बिल जमा करेंगे। इससे बिजली आपूर्ति लगातार बनी रहेगी और घरेलू कार्यों के साथ बच्चों की पढ़ाई पर भी असर नहीं पड़ेगा। ग्रामीण परिवारों ने इस फैसले को राहत देने वाला कदम बताया है।
कुमारगंज उपखंड अधिकारी मनोज मौर्य ने जानकारी दी कि उनके क्षेत्र में करीब 4200 स्मार्ट मीटर लगाए गए थे, जिन्हें अब पोस्टपेड मोड में परिवर्तित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुराने बकाया बिलों का भुगतान भी उपभोक्ता 10 आसान किस्तों में कर सकेंगे।
वहीं मिल्कीपुर उपखंड अधिकारी अमित कुमार सिंह के अनुसार इस व्यवस्था से मिल्कीपुर क्षेत्र के लगभग 8 हजार उपभोक्ताओं को सीधा फायदा मिलेगा। विभाग का मानना है कि पोस्टपेड प्रणाली लागू होने से उपभोक्ताओं की शिकायतें भी कम होंगी और बिजली व्यवस्था अधिक सुचारु रूप से संचालित हो सकेगी।
ग्रामीण उपभोक्ताओं ने बताया कि प्रीपेड व्यवस्था में हर समय बैलेंस खत्म होने की चिंता बनी रहती थी। अब पोस्टपेड सुविधा शुरू होने से उन्हें बार-बार रिचार्ज कराने की झंझट से छुटकारा मिल जाएगा और बिजली आपूर्ति भी लगातार मिलती रहेगी।