पुरानी रंजिश में युवक का हाथ काटकर अलग करने वाले 3 आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार।

अयोध्या।
अयोध्या जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला कर उसका हाथ काटकर धड़ से अलग करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। गोसाईगंज पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात के मात्र 24 घंटे के भीतर शनिवार को तीनों नामजद व वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पीड़ित का छिपाया गया कटा हुआ बायां हाथ, घटना में प्रयुक्त 2 धारदार हसियां और एक मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लंगड़ातर सरैया निवासी मुन्ना लाल ने गोसाईगंज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पुरानी रंजिश को लेकर विपक्षियों ने उनके पुत्र के साथ मारपीट व गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और धारदार हंसिए से वार कर उसका बायां हाथ काटकर अलग कर दिया। इसके बाद आरोपी युवक का कटा हुआ हाथ भी मौके से छिपाकर फरार हो गए थे।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने सुसंगत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी सदर के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गोसाईगंज के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने शनिवार को दबिश देकर लंगड़ातर सरैया गांव से तीनों वांछित अभियुक्तों प्रकाश पुत्र स्वर्गीय कुमारे, गौतम (पुत्र) रामवृक्ष और पिन्टू (पुत्र) प्रकाश (सभी निवासी ग्राम लंगड़ातर सरैया) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के उपरांत तीनों आरोपियों को सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में देर शाम जेल भेज दिया गया है।