धाम में बनेगा आधुनिक वेंडिंग जोन, 50 लाख की लागत से लता मंगेशकर चौक के पास 20 दुकानें।

अयोध्या।
अयोध्या श्रीरामनगरी में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक नया और आधुनिक वेंडिंग जोन विकसित किया जाएगा। लगभग 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस वेंडिंग जोन के प्रस्ताव को शासन की मंजूरी मिल चुकी है। नगर निगम की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत सरयू घाट और लता मंगेशकर चौक पर आने वाले श्रद्धालुओं को अवधी व्यंजनों के साथ-साथ अन्य स्थानीय उत्पादों की खरीदारी का अवसर मिलेगा।
अयोध्या नगर निगम ने नयाघाट क्षेत्र में स्थित लता मंगेशकर चौक के पास इस वेंडिंग जोन के लिए स्थान चिन्हित किया है। इसके पीछे प्रमुख कारण यहां दिनभर उमड़ने वाली भारी भीड़ है। लता मंगेशकर चौक अब रामनगरी का एक प्रमुख सेल्फी प्वाइंट बन चुका है। राम मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले देश-विदेश के हजारों श्रद्धालु और पर्यटक प्रतिदिन यहां कुछ समय जरूर बिताते हैं। सरयू नदी में स्नान और आरती घाट की ओर जाने का यह मुख्य मार्ग भी है, जिससे इस स्थान का महत्व और बढ़ जाता है।
इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने यहां वेंडिंग जोन के निर्माण की कार्ययोजना तैयार की है। इस जोन में दुकान आवंटित होने से स्थानीय दुकानदारों को अपने उत्पाद बेचने और आय बढ़ाने का बेहतर अवसर मिलेगा। बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालु यहां पारंपरिक अवधी व्यंजन, खानपान की सामग्री और अन्य जरूरी वस्तुओं की खरीदारी कर सकेंगे, जिससे स्थानीय व्यापार को भी मजबूती मिलेगी।
महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने बताया कि वेंडिंग जोन में स्थानीय दुकानदारों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि अवधी खानपान और स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिल सके। उन्होंने कहा कि इस योजना से न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि अयोध्या की सांस्कृतिक और पाक विरासत को भी बढ़ावा मिलेगा। निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के अनुसार इस वेंडिंग जोन में कुल 20 दुकानों का निर्माण कराया जाएगा। इन दुकानों का आवंटन मात्र तीन लाख रुपये में किया जाएगा। इस पहल के जरिए आसपास की अव्यवस्थित दुकानों को भी सुव्यवस्थित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की सुंदरता और यातायात व्यवस्था दोनों में सुधार होगा। यह वेंडिंग जोन अयोध्या धाम के पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देने में अहम भूमिका निभाएगा।