तीन दिन बाहरी भारी वाहनों की नो एंट्री, 7 नवंबर सुबह से लागू होगा शहर का ट्रैफिक डायवर्जन।

अयोध्या।
अयोध्या जिले में आगामी दीपोत्सव-2026 के भव्य आयोजन और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने बाहरी और आंतरिक डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है। इसके तहत 6 नवंबर की मध्यरात्रि से 8 नवंबर को कार्यक्रम अथवा भीड़ समाप्त होने तक बाहरी जनपदों से आने वाले भारी और मालवाहक वाहनों का अयोध्या में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, अयोध्या धाम क्षेत्र में आंतरिक डायवर्जन 7 नवंबर को सुबह 6 बजे से 8 नवंबर को कार्यक्रम अथवा भीड़ समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा।
पुलिस प्रशासन के अनुसार 7 नवंबर को आयोजित होने वाले दीपोत्सव में मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, विशिष्ट अतिथियों और देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
बाहरी जनपदों से आने वाले भारी वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। रायबरेली से आने वाले वाहन हलियापुर, सुल्तानपुर से आने वाले वाहन कूड़ेभार होकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का प्रयोग करेंगे। आजमगढ़ और अंबेडकरनगर से आने वाले वाहनों को गोहन्ना मोड़ से दोस्तपुर होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा। बाराबंकी से आने वाले वाहन भिटरिया रामसनेही घाट और हैदरगढ़ होकर जाएंगे। बस्ती से आने वाले वाहन लोलपुर से नवाबगंज (गोंडा) की ओर डायवर्ट होंगे।
गोरखपुर से आने वाले वाहनों को लिंक एक्सप्रेसवे के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भेजा जाएगा। कानपुर से आने वाले वाहन उन्नाव, मौरावां, मोहनलालगंज, गोसाईंगंज और चांद सराय होकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से गोरखपुर की ओर जाएंगे। लखनऊ और आगरा एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
आंतरिक डायवर्जन के तहत साकेत पेट्रोल पंप बैरियर से नया घाट की ओर सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यहां केवल दीपोत्सव में आमंत्रित अतिथियों और पासधारक वाहनों को अनुमति मिलेगी। लकड़मंडी चौराहे से पुराने सरयू पुल की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों पर रोक रहेगी। गोंडा की ओर से आने वाले वाहन लोलपुर बाईपास से गुजरेंगे।
हनुमानगुफा चौराहे से लता मंगेशकर चौक की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। रामघाट चौराहे से तपसी छावनी होकर रामपथ की ओर तथा दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय से छोटी छावनी होकर रामपथ की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। हनुमानगढ़ी चौराहे से रामपथ की ओर भी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा विद्याकुंड, उदया चौराहा, रानोपाली तिराहा, टेढ़ी बाजार और चूड़ामणि चौराहे पर भी वाहनों के लिए अलग-अलग प्रतिबंध और वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। पोस्ट ऑफिस तिराहा, तुलसी उद्यान तिराहा और जानकी महल मोड़ से लता मंगेशकर चौक की ओर वाहनों के साथ पैदल प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस के अनुसार एंबुलेंस, फल, सब्जी, दूध और अन्य आवश्यक सेवाओं को डायवर्जन से छूट दी गई है। सभी डायवर्जन स्थलों पर निरीक्षक स्तर के अधिकारियों की तैनाती के साथ 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे, आईपी मोड सर्विलांस, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और साइनेज बोर्ड लगाए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों, स्थानीय नागरिकों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
