जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिलाओं-बच्चों की चीखें कैमरे में कैद, वीडियो वायरल।

अयोध्या।
अयोध्या जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत वीरमपुर चाचिकपुर गांव में जमीन विवाद और दीवार निर्माण को लेकर हुई हिंसक झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि महिलाएं और बच्चे जान बचाने की गुहार लगा रहे हैं, जबकि हमलावर बेरहमी से लाठी-डंडों और लोहे के औजारों से हमला करते नजर आ रहे हैं। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि गांव के ही विनय यादव, विवेक यादव, अभिषेक यादव और छोटे लाल यादव ने जमीन को लेकर चल रहे विवाद के दौरान विपिन पाण्डेय के परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर लोहे की रॉड, फावड़ा, डंडा और लाठी लेकर घर में घुस आए और महिलाओं व बच्चों तक को नहीं बख्शा। हमले में परिवार के बुजुर्ग रामकृपाल पाण्डेय के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उनके बेटे शिवकुमार पाण्डेय का सिर फट गया, जबकि माता शकुन्तला पाण्डेय के सीने में चोटें बताई जा रही हैं। अन्य परिजन भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है।
पीड़ित विपिन पाण्डेय की तहरीर पर पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।