कृषि मंत्री दौरा, कृषि विश्वविद्यालय में तकनीकी और विकास कार्यों की समीक्षा।

अयोध्या।
अयोध्या जिले में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही शनिवार को अयोध्या दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के निदेशक प्रसार से शैक्षणिक गतिविधियों, अनुसंधान कार्यों और किसानों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी ली तथा कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में कृषि मंत्री टेक्नोलॉजी पार्क पहुंचे, जहां गेहूं, दलहनी और तिलहनी फसलों की बुवाई देखी गई है। मंत्री ने वैज्ञानिकों से फसलों की उत्पादकता बढ़ाने से जुड़े प्रयोगों और आधुनिक तकनीकों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नई कृषि तकनीकें और शोध किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं और विश्वविद्यालयों को इस ज्ञान को खेत तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
इसके बाद मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विश्वविद्यालय परिसर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। मजबूत शैक्षणिक और शोध अधोसंरचना से कृषि शिक्षा को नई दिशा मिलेगी और इसका सीधा लाभ किसानों तक पहुंचेगा।