इंटरसिटी ट्रेन की चपेट में आने से सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर अनिरुद्ध मुनि पांडेय दर्दनाक मौत।

अयोध्या।
अयोध्या जिले के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत टंडोली रेलवे क्रॉसिंग के समीप मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक दर्दनाक रेल हादसे में 62 वर्षीय सेवानिवृत्त बैंक प्रबंधक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की शिनाख्त गोसाईंगंज क्षेत्र के ईसापुर गांव निवासी अनिरुद्ध मुनि पांडेय (62) वर्ष , (पुत्र) रामकृपाल पांडेय के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अनिरुद्ध मुनि पांडेय बैंक में मैनेजर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। मंगलवार सुबह वह बिना किसी को कुछ बताए घर से निकले थे। इसके कुछ ही देर बाद परिजनों को सूचना मिली कि टंडोली रेलवे क्रॉसिंग के पास डाउन ट्रैक से गुजर रही इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से उनका क्षत-विक्षत शव पड़ा है।
घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर आसपास के ग्रामीणों व राहगीरों का भारी जमावड़ा लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचित किया और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की।
सीओ सदर सतीश चौहान ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और दुर्घटना के सही कारणों व परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
(फोटो काल्पनिक है)