मकान में लगी आग, मची अफरा-तफरी।
अयोध्या।
अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मण घाट बकसरिया टोला में शुक्रवार सुबह विधुत शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। पुलिस और अग्निशमन की गाड़ियों ने एक घंटे के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। आग से करीब दो लाख का नुकसान का अनुमान है। लक्ष्मण घाट पुलिस चौकी क्षेत्र के बकसरिया टोला में अशोक पांडेय का मकान है। बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे उनके घर में शार्ट सर्किट से प्रथम तल के कमरे में आग लग गई। देखते ही देखते धुएं के गुबार ने पूरे घर को अपने आगोश में ले लिया। घर के परिजन जान बचाकर घर से बाहर निकले। घटना के समय घर में अशोक पांडेय के छोटे बेटे जयकांत पांडेय और उनकी छोटी बहू और दो बच्चे थे। सभी सुरक्षित है।
शुक्रवार सुबह मोहल्ले में घर में आग लगने की सूचना पर मोहल्ले में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके अलावा लोग आग को बुझाने में जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर बिग्रेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। परिजनों के मुताबिक करीब दो लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। अग्निशमन विभाग के नितेश शुक्ला ने बताया कि दो गाड़ियों से मौके पर पहुंचकर आप पर काबू पा लिया है। आग शार्ट सर्किट से लगी है।