सिद्ध पीठ मां कामाख्या धाम के जंगलों में भीषण आग:50 बीघा जंगल जलकर राख।

अयोध्या।
जिले के रुदौली मवई ब्लॉक के सिद्ध पीठ मां कामाख्या धाम के जंगलों में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। 10 एकड़ से अधिक का जंगल जलकर राख हो गया। सूचना पर बाबा बाजार थाना पुलिस और अग्निशमन की टीम ने करीब तीन घंटे के अथक परिश्रम के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। बाबा बाजार थाना प्रभारी संतोष सिंह ने जानकारी दी कि सुबह करीब 11 बजे के आस पास मां कामाख्या के जंगलों में आग लगने की सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस बल की टीम मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना अग्निशमन विभाग और वन विभाग के अधिकारियों को दी गई। सभी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के मदद से आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद आस-पास के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।अधिकारियों को आग लगाने का सही कारण का पता नहीं लग सका है। आग लगने से करीब 50 बीघा जंगल जलकर राख हो गया है। हालांकि इस भीषण अग्निकांड में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं वन विभाग आग लगने से हुए नुकसान का अनुमान लगा रहा है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।