सामूहिक दुष्कर्म का आरोपी कथित भाजपा नेता गिरफ्तार।
गोंडा।
गोंडा जिले में एक सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी कथित भाजपा नेता एवं कोटेदार सतीश गुप्ता को बरेली पुलिस ने शुक्रवार को मनकापुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम आरोपी को लेकर बरेली रवाना हो गई है।
मनकापुर इंस्पेक्टर मनोज पाठक ने बताया कि खरगूपुर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट बरेली की अदालत में परिवाद दायर किया था। जिसमें कहा कि अमित तिवारी निवासी खरगूपुर कटरा, थाना नवीन माॅडर्न, श्रावस्ती, अवधेश त्रिपाठी निवासी गौतमनगर इकौना श्रावस्ती व पवन सिंह निवासी आनंदपुर थाना नवीन मॉडर्न श्रावस्ती मनकापुर के मनकापुर के आजाद नगर निवासी सतीश गुप्ता के यहां काम करते थे।
आरोप है कि 31 मार्च 2024 को उसकी बीमारी का इलाज झाड़-फूक से कराने के बहाने उक्त तीनों लोग सतीश गुप्ता के साथ चौपहिया वाहन से उसे बरेली ले गए। रास्ते में निर्जन स्थान पर गाड़ी रोक दी और तमंचे से धमकाकर चारों लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक अदालत ने आरोपी सतीश गुप्ता के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी किया था। अदालत के आदेश पर बरेली के फतेहगंज पूर्वी थाने के दरोगा यशविंदर कुमार समेत चार सदस्यीय पुलिस टीम गोंडा पहुंची। बरेली पुलिस के साथ आजाद नगर स्थित घर पर दबिश देकर आरोपी सतीश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया। बताया कि पुलिस आरोपी को लेकर बरेली रवाना हो गई।
गिरफ्तारी के बाद सतीश का एक भाजपा नेता के साथ फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप का कहना है कि आरोपी सतीश गुप्ता उर्फ विद्रोही पार्टी में न तो किसी पद पर है और न ही कार्यकर्ता ही है।