महिला की गला काट हत्या के मामले में पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गिरफ्तार।
अयोध्या।
अयोध्या जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र में तीन दिन पूर्व बदायूं निवासी महिला की गला काट हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी से मुठभेड़ का दावा किया है। मुठभेड़ में पुलिस ने नन्हे सिंह पुत्र प्रकाश सिंह निवासी कालुपुर बड़खेड़ा थाना बिसौली जनपद बदांयू को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान मुठभेड़ में नन्हें को दाहिने पैर के नीचे घुटने में गोली लगी है, जबकि थाने के सिपाही के दाहिने बाजू को छूते हुए निकल गई। दोनों को शुक्रवार सुबह उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंगलवार को एक महिला का गला कटा शव महराजगंज थाने के काजीपुर माझा विस्वल गांव के पास गन्ने के खेत में मिला था। मृतका की शिनाख्त उसके पास मिले कागजात से राधा निवासी ग्राम पररौली थाना बिल्सी जिला बदायूं के रूप में हुई थी। पुलिस ने ग्राम प्रधान की तहरीर पर बुधवार को अज्ञात के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की थी।
मामले में पुलिस ने गुरुवार को दोपहर बाद देवगढ़ नहर के पास से सुनाती पत्नी तालुकदार निवासी रामपुर पुवारी मदरहिया थाना महराजगंज को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद मुख्य आरोपी नन्हें का नाम प्रकाश में आया।
थानाध्यक्ष महाराजगंज अनुपम मिश्रा का कहना है कि मुठभेड़ में नन्हें गिरफ्तार हुआ है। उसके साथ घायल सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के पीछे का कारण काफी चौंका वाला है, पूरा मामला रकम लेकर जरूरतमंद को विवाह के लिए युवती उपलब्ध कराने से जुड़ा है। घटना बिचौलियों के बीच रकम के लेन देन को लेकर हुए विवाद के चलते अंजाम दी गई। पुलिस के मुताबिक मृतका बदायूं जिले की ग्राम परसौली थाना बिल्सी निवासी राधा व कालूपुर बड़खेड़ा थाना क्षेत्र बिसौली निवासी नन्हे सिंह रकम लेकर शादी करवाते थे।