- सुरेन्द्र सिंह
गोंडा:
- जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में भारतीय जवानों पर आतंकी हमले का कल तड़के बदला लिया गया। पाकिस्तान की सीमा में आतंकी ट्रेनिंग सेंटर्स को भारतीय वायुसेना ने तबाह कर दिया। इस कार्रवाई पर जहां देश भर में कल जश्न मनाया गया, वहीं समाजवादी पार्टी व बहुजन समाज पार्टी के कुछ नेता सर्जिकल स्ट्राइक-2 पर संदेह जता रहे हैं।
- लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में गठबंधन करने के बाद अब सपा व बसपा के नेताओं के सुर एक हैं। अखिलेश यादव सरकार में मंत्री रहे विनोद कुमार सिंह व पंडित सिंह के साथ ही समाजवादी पार्टी के विधायक हाजी इरफान सोलंकी भारतीय वायुसेना के इस हमले पर संदेह जता रहे हैं। पंडित सिंह का बयान उस वक्त आया है, जब देश की भावनाएं सेना के जज्बे के साथ है। सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी भारतीय वायुसेना के जज्बे को सलाम किया है।
- बहुजन समाज पार्टी के एक नेता ने भी वायुसेना की इस कार्रवाई पर फेसबुक पर सवाल उठाया है। जालौन के इस नेता के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया है। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में कल भारतीय वायुसेना की ओर से आतंक के ठिकानों पर की गई एयर स्ट्राइक पर समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह ने सवाल उठाया है।
- इससे संबंधित वीडियो वायरल हो गया है। गोंडा में पूर्व मंत्री विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह समाजवादी पार्टी के बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए थे। जहां उन्होंने यह बयान दिया। पंडित सिंह ने कहा कि वायु सेना की यह कार्रवाई झूठी है। पंडित सिंह ने कहा कि वायुसेना ने कोई स्ट्राइक नहीं किया है,
- कहीं पर भी कोई स्ट्राइक ही नहीं हुई तो आतंकियों की मौत की खबर भी झूठी है। पंडित सिंह का जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें वह कहते दिख रहे हैं कि भाजपा वाले पाकिस्तान से बात कर वहां कुछ जगहों पर मकान खाली कराएंगे, फिर वहां हमले करेंगे। यह भाजपा वाले झूठे हैं, वायुसेना ने कोई सर्जिकल स्ट्राइक नहीं की है।
- उन्होंने आगे वीडियो में यह भी कहा है कि भाजपा झूठ बोलने वाली पार्टी है। भाजपा ने पाकिस्तान से बात करके वहां खाली मकान पर बम गिराया है। सर्जिकल स्ट्राइक में कोई भी आतंकी मारा नहीं गया है।
- पंडित सिंह ने कहा कि भाजपा झूठ बोलने वालों की पार्टी है। विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह ने दावा किया कि भाजपा ने पाकिस्तान से बात करके वहां खाली मकान पर बम गिराया है। सर्जिकल स्ट्राइक में कोई आतंकी नहीं मारा गया है।
- पलटे पंडित सिंह
- इसके बाद पंडित सिंह ने कहा कि मैंने कोई भी ऐसा बयान नहीं दिया, जिससे अपनी सेना को ठेस पहुंचे। यह वीडियो पूरी तरह से फर्जी है। यह मेरे विरोधी भाजपा विधायक प्रतीक सिंह ने मुझे बदनाम करने के लिए सब कुछ किया है। ऐसा एक बार पहले भी कर चुके हैं। हम सेना के जज्बे की हमेशा से सराहना करते आए हैं। सेना को तो अभी और पाकिस्तानियों को सबक सिखाने की जरूरत है।
- भारतीय वायुसेना की इस कार्रवाई को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ उनकी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां ने भी सराहा है। इसके विपरीत पंडित सिंह अपना अलग राग अलाप रहे हैं।विनोद सिंह उर्फ पंडित सिंह पूर्ववर्ती सपा सरकार में कैबिनेट मंत्री थे। उनकी छवि एक दबंग विधायक के रुप में मानी जाती है। साल 1996 में वह पहली बार गोंडा से 13वीं विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए।
- ढाई मिनट में 56 बार गाली देकर रहे विवादों में
- बता दें, मई 2015 में पंडित सिंह की ओर से एक युवक को गाली देने का मामले में सुर्खियों में बने रहे थे। जिसमें पंडित सिंह ने आकाश नाम के एक युवक को ढाई मिनट में 56 बार गालियां दी थी। दरअसल, गोंडा के एक अखबार ने पंडित सिंह की गाड़ी में लगी काली फिल्म उतारने की खबर छापी थी।
- इस खबर को गोंडा में रहने वाले आकाश अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद मंत्री ने मोबाइल पर आकाश को ढाई मिनट में 56 बार गालियां दी और धमकी दी थी।
