ढहे आशियाने, फसलें हुई चौपट, जलवानपुरा में उतारे ट्रैक्टर।
अयोध्या।
अयोध्या जिले में दो दिन से हो रही बारिश के कारण जन-जीवन अस्त पस्त हो गया है। शहर में जगह-जगह जलभराव है। अयोध्या धाम के जलवानपुरा में हालात बदतर हो गए हैं। कई घरों में पानी भरा हुआ है। नगर निगम ने लोगों को आने-जाने के लिए ट्रैक्टर की सेवा शुरू कराई है। वहीं ग्रामीण इलाकों में तो कई लोगों के आशियाने ढह गए। तीन बच्चों के चोटिल होने का मामला सामने आया है। बारिश के कारण धान की फसलों पर भी बुरा असर पड़ा है। खेतों में बालियां लगी फसलें लोट गईं। किसान परेशान हैं। शनिवार को 83.6 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने आगे भी बादल छाए रहने व मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई है।